श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कानपुर में यातायात डायवर्जन, जेके मंदिर के आसपास बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

कानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित जेके मंदिर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। यातायात पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था 4 सितंबर को दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।

जेके मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

यातायात पुलिस के मुताबिक हर्ष नगर स्थित हैलट अस्पताल की ओर से आने वाले वाहन पालीवाल तिराहे से मरियमपुर/जेके मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को पालीवाल तिराहे से दाहिने मुड़कर काकादेव थाना होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।

इसी तरह फजलगंज चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को मरियमपुर चौराहे से आगे जेके मंदिर या पालीवाल तिराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ये वाहन मरियमपुर तिराहे से बाएं मुड़कर चैन फैक्ट्री चौराहा, सब्जी मंडी तिराहा और विजय नगर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

गोल चौराहा, मोतीझील और जरीब चौकी की ओर से आने वाले वाहनों को भी काकादेव चौराहे से नजीराबाद थाना या जेके मंदिर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन जरीब चौकी क्रॉसिंग से फजलगंज होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

वहीं मरियमपुर चौराहे से आने वाले किसी भी वाहन को नजीराबाद थाना या जेके मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को फजलगंज चौराहा होते हुए आगे भेजा जाएगा।

यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था

श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने दो प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। आईटीआई पांडुनगर का खाली मैदान पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा लाजपत नगर गुरुद्वारा तिराहा से जेके मंदिर पूर्वी गेट तक सड़क के दोनों तरफ भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि जन्माष्टमी के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से जेके मंदिर की ओर वाहन लेकर न जाएं। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

किसी भी यातायात संबंधी परेशानी की स्थिति में नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9305104340 तथा ग्रीन कॉरिडोर सेल नंबर 9454402413 पर संपर्क कर सकते हैं।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष रूप से अपील की है कि सड़क पर चल रही एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता दें। पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों की जागरूकता और संवेदनशीलता किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *