कानपुर। शनिवार, 29 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:27 बजे फायर स्टेशन लाटूश रोड क्षेत्र के अंतर्गत थाना फीलखाना में एक पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में कई लोगों के दबे होने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही CFO कानपुर नगर श्री दीपक शर्मा के निर्देशन में फायर स्टेशन लाटूश रोड और कर्नलगंज से रेस्क्यू यूनिट तथा MDRV को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने स्थिति का जायजा लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे के अंदर से दो लोगों की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फायर कर्मियों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए मलबे को हटाकर अंदर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाल लिया। दोनों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से उर्सला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु की सूचना मिली है।
घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। जर्जर मकान के अचानक गिरने से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।
