कानपुर। कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा किनारे स्थित नत्था पुरवा गांव के पास एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान सवार पायलट की मौत हो गई, जबकि को-पायलट गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान के खेत में गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। नवाबगंज थाना पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल को-पायलट को विमान से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
विमान दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। विमान के क्रैश होने की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
