झांसी – बच्चों के शैक्षिक व बौद्धिक स्तर में सुधार के लिए शिक्षक निरंतर प्रयास करें: मण्डलायुक्त

झांसी। मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे ने जनपद झांसी स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, कोछाभांवर एवं दुनारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, छात्रावास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा राजकीय आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों का दायित्व है कि इन सुविधाओं का लाभ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए 15 दिवस में की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

उन्होंने रसोईघर की नियमित साफ-सफाई, चिकित्सकीय टीम द्वारा समय-समय पर बच्चों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक वृद्धि की जांच तथा खाद्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा विद्यालय की भोजन व्यवस्था की साप्ताहिक अथवा पाक्षिक जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच जिलास्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित कराने पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों में शैक्षिक एवं बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो।

निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चों की शारीरिक वृद्धि अन्य बच्चों की अपेक्षा कम पाए जाने पर मण्डलायुक्त ने ऐसे बच्चों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उप निदेशक समाज कल्याण एवं प्रधानाचार्यों को बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने को कहा।

मण्डलायुक्त ने झांसी मंडल के तीनों जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में जिलास्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर माह में कम से कम दो बार पठन-पाठन एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया जाए। उप निदेशक समाज कल्याण को जालौन एवं ललितपुर जनपदों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कक्षा 6 एवं 9 के विद्यार्थियों को जूते, उचित ड्रेस, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा।

विद्यालयों तक आवागमन की व्यवस्था की समीक्षा में पाया गया कि झांसी-कानपुर हाईवे से जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, कोछाभांवर तक करीब 200 मीटर का मार्ग कई स्थानों पर खराब है। वहीं जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, दुनारा तक लगभग एक किलोमीटर का मार्ग भी कई जगह खराब मिला। इस पर मण्डलायुक्त ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, झांसी को दोनों मार्गों की आवश्यक मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में पठन-पाठन का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4:20 बजे तक पाया गया, जिसमें 40 मिनट का ब्रेक निर्धारित है। मण्डलायुक्त ने विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मात्रा के अनुसार फल उपलब्ध कराने तथा बच्चों को पर्याप्त एवं संतुलित आहार देने के निर्देश दिए।

रसोईघर के निरीक्षण में उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समय से भोजन उपलब्ध कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। छात्रावास की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। बारिश के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसर एवं छत पर जलभराव रोकने के लिए आवश्यक सफाई कराने तथा रसोईघर के आसपास भी स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, कोछाभांवर में कुल 439 विद्यार्थी पंजीकृत मिले, जिनमें 423 उपस्थित थे। वहीं जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, दुनारा में कुल 345 विद्यार्थी पंजीकृत मिले, जिनमें 326 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। कक्षा 6 से 12 तक संचालित विद्यालयों में मण्डलायुक्त ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली और शिक्षकों को बच्चों के बौद्धिक एवं शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप निदेशक समाज कल्याण इन्द्रा सिंह, मण्डलायुक्त के वैयक्तिक सहायक श्री राकेश कुमार, दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *