नेशनल आइकॉन अवार्ड्स 2026 से सम्मानित हुए कानपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक शर्मा

आरोग्य दर्पण के तत्वावधान में 3 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, रफ़ी मार्ग में “नेशनल कॉन्क्लेव – विकसित भारत 2047” एवं “नेशनल आइकॉन अवार्ड्स 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभर से समाज सेवा, प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, मीडिया तथा जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सौरभ तिवारी, एडिशनल कैबिनेट सेक्रेटरी, भारत सरकार रहे। उन्होंने विकसित भारत 2047 के निर्माण में विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इसी क्रम में कानपुर नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक शर्मा को अग्निशमन एवं जनसुरक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पित सेवाओं तथा नागरिक सुरक्षा के प्रति उत्कृष्ट कार्यों के लिए “नेशनल आइकॉन अवार्ड्स 2026” से सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्वस्थ होने के कारण मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक शर्मा समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सम्मान ग्रहण नहीं कर सके। उनकी ओर से अधिकृत प्रतिनिधि ने मंच पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया, जिसे बाद में श्री दीपक शर्मा को विधिवत् भेंट किया गया।

आरोग्य दर्पण के आयोजकों ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक शर्मा के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि अग्निशमन, जनसुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी सेवाएँ पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।

यह सम्मान न केवल मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कानपुर नगर एवं उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के लिए भी गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व में जनसुरक्षा और अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *