चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बच्चों से भरी एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को स्कूल से उनके घर छोड़ने के लिए प्रयागराज रोड स्थित कालूपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कालूपुर प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल श्री जी प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
