लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को और अधिक व्यापक एवं जनभागीदारी से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के लगभग 50 हजार स्वयं सहायता समूह (SHGs) अभियान के लिए करीब 2 करोड़ राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) तैयार करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य केवल हर घर तक तिरंगा पहुंचाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराना भी है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तिरंगा निर्माण से हजारों महिलाओं को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार का मानना है कि यह अभियान ‘वोकल फॉर लोकल’ और महिला सशक्तिकरण की भावना को भी मजबूत करेगा। तिरंगे के निर्माण में स्थानीय महिलाओं की भागीदारी से देशभक्ति के साथ-साथ आर्थिक विकास का संदेश भी घर-घर पहुंचेगा।
राज्य सरकार ने सभी जिलों को अभियान की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अधिकतम संख्या में राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराने और उनकी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान न केवल राष्ट्रीय उत्सव बनेगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।
