मैक्सिको में 7.3 तीव्रता का भीषण भूकंप, ग्वाटेमाला सीमा के पास कांपी धरती; सुनामी की चेतावनी जारी

मैक्सिको: शुक्रवार को मैक्सिको के दक्षिणी प्रशांत तट पर ग्वाटेमाला सीमा के निकट 7.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके मैक्सिको सिटी, ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर तक महसूस किए गए। फिलहाल किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र चियापास तट के पास एक्विलेस सेरदान से लगभग 48 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 15 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। मुख्य झटके से पहले समुद्र में हल्की तीव्रता का एक प्रारंभिक भूकंप भी दर्ज किया गया।

भूकंप के बाद संभावित खतरे को देखते हुए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। मैक्सिको और ग्वाटेमाला की सीमा से लगे तटीय क्षेत्रों पर प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है।

दक्षिणी सीमा के प्रमुख शहर तापाचुला में पहले हल्के झटके महसूस हुए, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद कंपन तेज हो गया। सरकारी अस्पताल की कर्मचारी एलेजांद्रा मेंडोजा ने बताया कि झटके बढ़ने पर अस्पताल की दूसरी मंजिल से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर खुले मैदान में पहुंचाया गया।

ग्वाटेमाला सिटी में भी लंबे समय तक धरती कांपने से लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। वहीं, मैक्सिको सिटी के कुछ इलाकों में इमारतों में कंपन और हल्की दरारों की खबर सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती कुछ सेकंड में भूकंप की तीव्रता अलर्ट जारी करने की तय सीमा से कम थी, इसलिए चेतावनी प्रणाली सक्रिय नहीं हो सकी।

प्रशासन ने राहत एवं बचाव एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *