कानपुर में आगामी 19 जुलाई 2026 (रविवार) को आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस्कॉन कानपुर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे मार्ग पर भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष, हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन और भक्तों के उत्साह से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
इस वर्ष रथयात्रा सायं 4:00 बजे श्री राम दशानन धर्मशाला (रामलीला ग्राउंड के पास), गोविंद नगर से प्रारंभ होकर बर्रा बाईपास चौराहा स्थित ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस तक निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं माता सुभद्रा के दिव्य विग्रह भव्य रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।
इस्कॉन के अनुसार, भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा का यह दिव्य स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज-विरह भाव का प्रतीक माना जाता है। रथयात्रा उस आध्यात्मिक भावना का प्रतिनिधित्व करती है जिसमें ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण को द्वारका के ऐश्वर्य से पुनः वृंदावन की मधुर लीलाओं की ओर ले जाना चाहते हैं। यही दिव्य भाव इस महोत्सव का प्रमुख आध्यात्मिक संदेश है।
मान्यता है कि कलियुग में भगवान श्री जगन्नाथ स्वयं अपने मंदिर से बाहर निकलकर रथ पर विराजमान होते हैं और प्रत्येक भक्त को अपने दर्शन एवं सेवा का दुर्लभ अवसर प्रदान करते हैं। इसी कारण रथयात्रा को भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करने का अत्यंत शुभ अवसर माना जाता है।
रथयात्रा के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र का अखंड संकीर्तन, मृदंग, करताल एवं अन्य वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए रखेगी। भक्तगण नृत्य एवं संकीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चलेंगे, जिससे ऐसा अनुभव होगा मानो श्री पुरी धाम की ऐतिहासिक रथयात्रा का दिव्य स्वरूप कानपुर में साकार हो गया हो।
महोत्सव में आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां, भक्ति संगीत तथा भगवान श्री जगन्नाथ का पावन महाप्रसाद भी श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे पूरे परिवार के साथ इस दिव्य आयोजन में सम्मिलित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें।
इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने कानपुर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और नगरवासियों को अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों सहित इस भव्य श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में सहभागी बनने का हार्दिक आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक एकता का महापर्व है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत है।

