कानपुर: रूमा के पास दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ट्रक में घुसी; 3 की मौत, 10 घायल

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब छह बजे उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल हुए करीब 10 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका सर्जरी विभाग में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल बिहार के गया और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय स्कॉर्पियो को हिमांशु नामक युवक चला रहा था। वाहन में एक अन्य चालक भी मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और ट्रक से पीछे की ओर हुई जोरदार टक्कर हादसे का कारण मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *