चित्रकूट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की कामदगिरि की पंचकोशी परिक्रमा, कामतानाथ के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय चित्रकूट दौरे का गुरुवार को दूसरा दिन धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामतानाथ के मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला चित्रकूट स्थित सर्किट हाउस से परिक्रमा मार्ग के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बरहा के हनुमान मंदिर से भगवान कामतानाथ की पवित्र पंचकोशी (लगभग 5 किलोमीटर) परिक्रमा प्रारंभ की। मुख्यमंत्री ने पैदल परिक्रमा करते हुए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और धार्मिक परंपराओं का पालन किया।

करीब 1 घंटा 45 मिनट में मुख्यमंत्री ने अपनी पंचकोशी परिक्रमा पूर्ण की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला अपने अगले निर्धारित कार्यक्रम के तहत बांदा के लिए रवाना हो गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के चित्रकूट दौरे के दौरान धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ क्षेत्र के विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *