अयोध्या। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर की बहुप्रतीक्षित नई फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग का शुभारंभ बुधवार को अयोध्या से हुआ। शूटिंग के पहले दिन अनुपम खेर ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस अवसर की तस्वीरें और अनुभव साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने रामलला से अपने लिए, अपने परिवार और मित्रों के लिए, फिल्म की सफलता के लिए तथा देश-दुनिया के सभी लोगों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन कर उन्हें अत्यंत सुखद और आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं के साथ “जय श्री राम” के उद्घोष में शामिल होने का अवसर मिला, जो उनके लिए भावुक और अविस्मरणीय पल रहा।फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग अयोध्या से शुरू होने को लेकर दर्शकों में भी उत्सुकता देखी जा रही है। गौरतलब है कि श्री राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या धार्मिक आस्था के साथ-साथ फिल्म और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। देश के कई फिल्म निर्माता और कलाकार यहां आकर विभिन्न परियोजनाओं की शूटिंग कर रहे हैं। ऐसे में अनुपम खेर की फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शुरुआत भी अयोध्या से होना विशेष महत्व रखता है।

