कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक प्रशिक्षु विमान तकनीकी खराबी के कारण कासगंज पुलिस लाइन के पीछे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 27 वर्षीय महिला प्रशिक्षु पायलट गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दूसरे प्रशिक्षु पायलट के बारे में अधिकारियों द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
घायल महिला पायलट की पहचान कायनात (27 वर्ष), पुत्री कादर खान, निवासी मुंबई के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान ने अलीगढ़ स्थित धनीपुर हवाई पट्टी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने से पायलट विमान पर नियंत्रण नहीं रख सके और विमान कासगंज पुलिस लाइन के पीछे जा गिरा।
बताया जा रहा है कि विमान में दो प्रशिक्षु पायलट सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही अलीगढ़ एयरपोर्ट प्रबंधन तथा संबंधित विमानन अधिकारियों की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से दुर्घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है, ताकि जांच और राहत कार्य प्रभावित न हो।

