लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के समय कोचिंग संस्थान में 30 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कई छात्रों को अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे कूदना पड़ा। घटना में कई छात्र घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्रा भी शामिल बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोचिंग संस्थान अलीगंज क्षेत्र में एक पेट शॉप के ऊपर संचालित हो रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले भवन की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। कुछ ही मिनटों में धुआं और आग की लपटें कोचिंग संस्थान तक पहुंच गईं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगते ही छात्र-छात्राएं बाहर निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन धुएं और आग के कारण सुरक्षित रास्ता नहीं मिल सका। स्थिति गंभीर होने पर कुछ छात्रों ने भवन के किनारे से गुजर रहे तारों और अन्य सहारों का उपयोग कर नीचे उतरने का प्रयास किया, जबकि कई छात्र सीधे नीचे कूद गए। इस दौरान दो छात्रों के घायल होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने के बाद काफी समय तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके कारण आग और अधिक फैल गई। बाद में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अभिभावक मौके पर पहुंच गए। कुछ अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित दिखाई दिए। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के दौरान कुछ छात्र भवन के भीतर फंस गए थे, हालांकि राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

