कानपुर नगर पुलिस और यातायात पुलिस ने शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 13 जून से 14 जून 2026 तक पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रविन्द्र कुमार के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सघन वाहन चेकिंग की। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 467 वाहनों का चालान किया गया।
अभियान में दोपहिया वाहनों में लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। इसके अलावा ट्रकों और अन्य भारी वाहनों में लगे अवैध प्रेशर हॉर्न तथा निजी वाहनों में अनधिकृत रूप से लगाए गए लाल-नीली बत्तियों और हूटरों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रविन्द्र कुमार ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कराने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न कराएं और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम तथा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने का आग्रह किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यह भी अपील की है कि सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता दें, क्योंकि आपकी जागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया किसी अनमोल जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

