कानपुर। कानपुर डायबिटीज़ एसोसिएशन (KDA) की सामान्य सभा (जनरल बॉडी मीटिंग) रविवार को होटल रॉयल क्लिफ, कानपुर में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के नए पदाधिकारियों का निर्वाचन तथा एसोसिएशन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय विषयों पर चर्चा करना था।
बैठक में मधुमेह रोग विशेषज्ञों एवं एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. बृज मोहन, डॉ. नंदिनी रस्तोगी, डॉ. एस.के. भट्टर, डॉ. भास्कर गांगुली, डॉ. दीपक याज्ञिक, डॉ. ऋषि शुक्ला, डॉ. आर.के. जैस, डॉ. विपिन श्रीवास्तव, डॉ. कुणाल सहाय, डॉ. विशाल गुप्ता, डॉ. रितेश चौधरी तथा डॉ. इंदरजीत सिंह आहूजा,डॉ. अनिल दीक्षित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सामान्य सभा ने सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन एवं अनुमोदन किया। इसके तहत डॉ. बृज मोहन को संरक्षक (पैट्रन), डॉ. रितेश चौधरी को अध्यक्ष, डॉ. कुणाल सहाय को सचिव, डॉ. विशाल गुप्ता को वैज्ञानिक सचिव तथा डॉ. आर.के. जैस को संयुक्त सचिव चुना गया।
इसके अलावा संगठन की गतिविधियों में निरंतरता और प्रभावशीलता बनाए रखने के उद्देश्य से डॉ. अनुराग मेहरोत्रा को कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) तथा डॉ. विपिन श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) के पद पर कार्यकाल विस्तार देने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. भास्कर गांगुली एवं वरिष्ठ मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम शैक्षणिक कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों और बेहतर मधुमेह देखभाल सेवाओं के माध्यम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
सभा के अंत में सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग और सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।

