गणेश शंकर विद्यार्थी (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज, कानपुर के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के माननीय कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले आधिकारिक मेडिकल कॉलेज दौरे के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज का चयन किया। उनके आगमन पर कॉलेज प्रशासन, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य एवं डीन डॉ. संजय काला ने स्वागत भाषण देते हुए माननीय कुलपति का अभिनंदन किया और उनके आगमन को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया।
इस अवसर पर मंच पर डॉ. ऋचा गिरी (वाइस प्रिंसिपल), डॉ. संदीप कौशिक (डीन, एफिलिएशन एवं इंस्पेक्शन, अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय), डॉ. मनीष सिंह (नोडल पीएमएसएसवाई), डॉ. विकास कटियार (सीएमएस) एवं डॉ. यशवंत राव (प्रॉक्टर) सहित अनेक वरिष्ठ संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में माननीय कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार, अनुशासन तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के उच्च मानक स्थापित करने तथा निरंतर प्रगति की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन नेत्र रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शालिनी मोहन एवं माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मधु यादव ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात माननीय कुलपति ने पीएमएसएसवाई परियोजना तथा अस्पताल परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
अंत में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिवार ने माननीय कुलपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन में संस्थान की निरंतर प्रगति, शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

