उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; 4 लोगों की मौत

उन्नाव। उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेवादा गांव के पास किलोमीटर संख्या 387.6 पर तेज रफ्तार टाटा पंच कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस और यूपीडा (UPEIDA) की टीम मौके पर पहुंच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बांगरमऊ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से मेरठ की ओर जा रहे थे। नेवादा गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने मृतकों में से दो की पहचान उदय सिंह पुत्र राम सिंह पटेल (26 वर्ष) तथा अनुपम गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता (32 वर्ष) निवासी जाफरपुर उर्फ बाबूगंज, प्रयागराज के रूप में की है। जबकि अन्य दो मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *