बर्रा-8 बालाजी दरबार में शरबत वितरण कार्यक्रम संपन्न, भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने किया सेवा कार्य

कानपुर। बर्रा-8 स्थित बालाजी दरबार में सामाजिक एवं धार्मिक सेवा की भावना के साथ शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों ने भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को शरबत वितरित कर सेवा कार्य किया गया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नीता अवस्थी ने बताया कि सभी बहनों के अथक सहयोग और समर्पण से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और गर्मी के मौसम में राहगीरों एवं श्रद्धालुओं को शरबत वितरित कर उनकी प्यास बुझाना एक पुण्य कार्य है। अर्चना जी, मंजू जी के संरक्षण में मीरा, सीमा, आरती, हेमा, मधु, लता, अनीता और समस्त बहनों ने मिलकर इस पुण्य कार्य को किया।

आयोजन में शामिल महिलाओं ने तन, मन और धन से सहयोग करते हुए सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और बालाजी महाराज के जयकारे लगाए तथा समाज में सेवा और परोपकार का संदेश दिया।

नीता अवस्थी ने सभी सहयोगी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भक्तों की सेवा कर जो आत्मिक संतोष और आनंद प्राप्त हुआ, वह शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम के अंत में सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक महिलाएं, श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था और जनसेवा का यह संगम लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *