चित्रकूट में आंधी-तूफान का कहर: सड़कों पर गिरे पेड़, बिजली व्यवस्था ठप, ग्रामीणों में दहशत

चित्रकूट जनपद के खोही एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते कई विशालकाय पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया और कई मार्गों पर आवागमन बाधित रहा।

खोही मुख्य मार्ग पर एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रास्ता साफ कराने का प्रयास किया।

वहीं बालापुर माफी क्षेत्र में तेज तूफान के कारण बिजली का पोल भी धराशायी हो गया, जिससे आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही। ग्रामीण इलाकों में पूरी रात अंधेरा पसरा रहा। कई घरों के टीनशेड और छप्पर उड़ गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि अचानक आए तूफान से लोगों में दहशत फैल गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण लोग रातभर जागकर किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर शरण लेते रहे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने, सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *