उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गमगीन कर दिया। औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 262 के पास एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक सब इंस्पेक्टर, एक बंदी समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीन पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस तेज गति से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जा रही थी तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई। चालक के नियंत्रण खोने से बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उसे तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही UPEIDA की टीम, पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्नाव के जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवरों की थकान और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

