Kanpur- मनीराम बगिया में भीषण आग, चार मंजिला भवन में फंसे लोगों को फायर टीम ने सुरक्षित निकाला

कानपुर। थाना फीलखाना क्षेत्र के मनीराम बगिया स्थित एक चार मंजिला भवन में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग भवन के भूतल पर बनी दुकानों में लगी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर काफी संख्या में लोग फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार मिनी कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि मकान संख्या 32/125, मनीराम बगिया थाना फीलखाना में आग लग गई है। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी कानपुर नगर के निर्देशन में फायर स्टेशन लाटूश रोड, कर्नलगंज और फजलगंज से कुल पांच अग्निशमन वाहन प्रभारी अधिकारियों सहित तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि एक सकरी गली में स्थित चार मंजिला भवन के भूतल पर बनी दुकानों में आग तेजी से फैल रही थी, जबकि भवन के ऊपरी तलों पर कई लोग फंसे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में सबसे पहले रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

फायर टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए भवन की छत के रास्ते से लोगों को दूसरे भवन के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दमकल कर्मियों ने काफी दूरी से हौज पाइप बिछाकर आग को चारों ओर से घेर लिया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और दमकल विभाग की कार्रवाई की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *