रतलाम/दिल्ली। रविवार सुबह मध्य प्रदेश के रतलाम के पास तिरुअनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन में सवार यात्रियों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और रेलवे स्टाफ ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग इतनी भीषण थी कि बी-1 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल देखने को मिला। रेलवे ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें आगे के सफर के लिए रवाना किया।

