Saloni Tiwari (Chief Editor): AMD News: नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में ₹3.14 प्रति लीटर और डीजल में ₹3.11 प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसके बाद कई शहरों में पेट्रोल की कीमत ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। नई दरें रात से लागू हो चुकी हैं।
करीब चार साल बाद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में यह बड़ा बदलाव किया गया है। इससे पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए थे कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव पड़ रहा है और जल्द ही कीमतों में इजाफा किया जा सकता है। सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि महंगे क्रूड ऑयल के चलते उन्हें प्रतिदिन करीब 1,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा था। पेट्रोलियम मंत्री ने भी कहा था कि यदि खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की जाती तो एक तिमाही में तेल कंपनियों का घाटा 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता था। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनियों द्वारा की गई मौजूदा बढ़ोतरी अभी भी वास्तविक घाटे की तुलना में कम है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम लोगों की जेब पर असर पड़ने की संभावना है। परिवहन खर्च बढ़ने के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। देश के अलग-अलग राज्यों में वैट और स्थानीय टैक्स के आधार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिलेगा। लोग अब नई दरों के अनुसार अपने शहरों में तेल की कीमतें चेक कर रहे हैं।

