नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के विरोध में काकादेव में बवाल, छात्रों और पुलिस में भिड़ंत; दो दरोगा लाइन हाजिर

कानपुर के काकादेव स्थित कोचिंग मंडी क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों द्वारा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का पुतला फूंका जा रहा था, जिसे रोकने पहुंची पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।

घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए तथा सड़क पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात करनी पड़ी। हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी स्वरूपनगर और डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े पांच बजे एबीवीपी कार्यकर्ता एनटीए के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसके चलते दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और बल प्रयोग किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांडुनगर चौकी इंचार्ज निखिल शर्मा और एसआई आशुतोष पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। डीसीपी ने बताया कि पूरी घटना की वीडियोग्राफी कराई गई है और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद काकादेव क्षेत्र में देर रात तक पुलिस बल तैनात रहा और माहौल पर नजर रखी गई। छात्रों और कोचिंग छात्रों के बीच इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *