कानपुर के उर्सला अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अचानक औचक निरीक्षण किया। डीएम ने एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार के साथ सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में अव्यवस्थाएं सामने आईं। जांच में कई डॉक्टरों सहित कई स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डॉ. राजेश कुमार और सीएमएस उर्सला को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसके साथ ही डीएम ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहरी दवाएं न लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं से ही मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

