कानपुर में पहली बार ‘नए दृष्टिकोण’ निःशुल्क शिविर, 19 मई से स्वास्थ्य और चेतना जागरण के प्रयोग

कानपुर। उत्तर प्रदेश में पहली बार कानपुर महानगर में सन टू ह्यूमन फाउंडेशन के तत्वावधान में ‘नए दृष्टिकोण’ विषय पर आधारित छह दिवसीय निःशुल्क शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष शिविर 19 मई से 24 मई तक बृजेंद्र स्वरूप पार्क में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा। शिविर का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित जीवनशैली और मानसिक शांति की दिशा में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
फाउंडेशन के प्रतिनिधि ललित अग्रवाल ने बताया कि शिविर में केवल प्रवचन नहीं, बल्कि प्रयोगों के माध्यम से लोगों को सम्यक आहार, सम्यक व्यायाम और सम्यक नींद के महत्व को समझाया जाएगा। पिछले एक माह से देश के अलग-अलग राज्यों से आए प्रशिक्षक शून्य भैया, मां मैत्रेयी, जानकी, राधिका, श्रवण, शिवालय, ललित और तरुण सहित कई परम मित्र कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक 200 से अधिक प्राथमिक वैज्ञानिक प्रयोग करवा चुके हैं।
मुख्य शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न प्रयोगों के साथ 15 से 20 प्रकार के शुद्ध, सात्विक और पौष्टिक निःशुल्क नाश्ते का अनुभव भी कराया जाएगा। फाउंडेशन के संस्थापक पूज्य परम आलय जी स्वयं साधकों को मन, शरीर और चेतना को जागृत करने वाले विशेष प्रयोग कराएंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस शिविर में 5 वर्ष से लेकर 90 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति सहज रूप से भाग ले सकता है। संस्था का दावा है कि अब तक भारत और विदेशों में 10 हजार से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे लाखों लोगों ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, माइग्रेन, अस्थमा, गठिया, तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं में सकारात्मक बदलाव महसूस किया है।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह शिविर पूरी तरह गैर-व्यावसायिक है और इसमें किसी भी धर्म, संप्रदाय, जाति या वर्ग का व्यक्ति भाग ले सकता है। शिविर में किसी भी दवा या जीवनशैली को अचानक छोड़ने की सलाह नहीं दी जाती, बल्कि बेहतर विकल्पों और जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ जीवन की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाता है।
इस आयोजन को सफल बनाने में श्री महावीर रोलिंग मिल्स प्रा. लि. के अनूप चंद जैन सहित सुरेश जैन, मुकेश, राकेश, दिनेश, संजय, राजीव, मोना, विक्की, नितिन, रजत, सागर, अक्षत और पवित्र जैन समेत कई समाजसेवी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों का मानना है कि यह शिविर कानपुर में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली की नई वैचारिक क्रांति की शुरुआत साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *