आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, 2 यात्रियों की मौत, 11 घायल

कानपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिल्हौर थाना क्षेत्र के अरौल टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डबल-डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक पलट गया। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पटना से दिल्ली जा रही डबल-डेकर बस सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान अरौल टोल प्लाजा के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बिल्हौर पुलिस और यूपीडा (UPEIDA) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बाद में कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) रेफर किया गया।

इलाज के दौरान बिहार निवासी नीरज (30) और बबलू (32) की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। सुरक्षित यात्रियों को अन्य वाहनों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *