यूपी में डिजिटल जनगणना 2027 की शुरुआत, पहले दिन लाखों लोगों ने किया ऑनलाइन स्वगणना पंजीकरण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डिजिटल स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सरकारी आवास से ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया का शुभारंभ किए जाने के बाद पहले ही दिन प्रदेशभर से लाखों लोगों ने पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराई।

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरकर अपनी जानकारी अपलोड कर सकते हैं। सरकार के अनुसार 21 मई तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि 22 मई से घर-घर जाकर गणनाकर्मी जनगणना कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सही और सटीक जनगणना से सरकार को बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग एक स्थान पर रहकर अपनी सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सके।

प्रदेश सरकार का दावा है कि पहली बार डिजिटल और जातीय जनगणना के जरिए गांवों और शहरों की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया जाएगा। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण प्राप्त गणनाकर्मी नियुक्त किए गए हैं। जनगणना प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

सरकार के मुताबिक प्रदेश के करोड़ों परिवारों, हजारों नगर निकायों और पंचायतों को इस अभियान में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल जनगणना से डेटा संग्रहण में पारदर्शिता बढ़ेगी और विकास योजनाओं को सही दिशा मिलेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *