गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भीषण आग: 9वीं से 12वीं मंजिल तक फैली लपटें, 6 फ्लैट्स चपेट में

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत नौवीं मंजिल से हुई, लेकिन देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और 12वीं मंजिल तक फैल गई। इस हादसे में कुल 6 फ्लैट्स आग की चपेट में आ गए।

आग इतनी भयंकर थी कि उसका धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

करीब दो घंटे से अधिक समय तक लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म के मौके पर पहुंचने के बाद ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *