लखनऊ मेदांता में सियासी हलचल तेज: अनुपमा जायसवाल से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम, अखिलेश यादव की अचानक एंट्री से बढ़ी चर्चा

लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में देर रात उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब भाजपा नेताओं का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। भाजपा विधायक एवं पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

इसके अलावा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी मेदांता पहुंचे और अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी अस्पताल में मौजूद रहे। देर रात तक भाजपा विधायकों और नेताओं की आवाजाही जारी रही, जिससे अस्पताल परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।

इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अचानक मेदांता अस्पताल पहुंच गए। उनकी इस मुलाकात ने सभी को चौंका दिया और सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।

बताया जा रहा है कि अनुपमा जायसवाल हाल ही में एक पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान झुलस गई थीं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेदांता में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका उपचार जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है।

वाराणसी के कार्यक्रम के बाद लखनऊ पहुंचे कई भाजपा नेता भी सीधे अस्पताल पहुंचे, जिससे यह साफ है कि पार्टी इस मामले को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। अखिलेश यादव की मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर हलचल और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *