नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। इसी बीच सोमवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन साथ ही कई इलाकों में विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले शहर में गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था। लंबे समय से जारी लू जैसी स्थिति के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिससे राजस्थान के रेतीले इलाकों से धूल और रेत दिल्ली-NCR तक पहुंच रही है।
प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार, इस मौसमी बदलाव के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि यह विक्षोभ 30 अप्रैल तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही इसका असर दिल्ली में भी देखने को मिलेगा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी 30 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बारिश और धूल भरी आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है। खासतौर पर 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

