लखनऊ: प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय विद्यालयों का समय बदल दिया गया है। नए आदेश के अनुसार स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 बजे से 7:40 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जबकि मध्यावकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक रहेगा।
हालांकि, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। इस दौरान वे शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को पूरा करेंगे।
बता दें कि इससे पहले स्कूलों का समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक था। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठनों द्वारा लगातार समय परिवर्तन की मांग की जा रही थी। कुछ जिलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर समय में बदलाव किया जा चुका था।
वहीं, मान्यता प्राप्त (प्राइवेट) विद्यालयों के लिए उनकी प्रबंध समितियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है।
इस फैसले से जहां बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।

