राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरआरएल (HRRL) रिफाइनरी में मंगलवार से पहले एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रिफाइनरी के अंदर मौजूद फायर सेफ्टी सिस्टम को भी सक्रिय कर दिया गया है। आग इतनी भीषण थी कि उसके धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए।
इस घटना के बाद प्रशासन और रिफाइनरी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं, इस घटना का असर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम पर भी पड़ा है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, रिफाइनरी में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के चलते पीएम मोदी का निर्धारित लोकार्पण कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति को जल्द ही पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा।

