कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बच्चियों का गला काटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दोनों बच्चियों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे, जिसे देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। पुलिस ने तत्काल आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीसीपी साउथ कानपुर दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आहत हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

