देवभूमि उत्तराखंड के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर राज्य को विकास की नई दिशा और गति प्रदान की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा ने इस अवसर को उत्तराखंड के विकास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य के लिए गेम चेंजर साबित होगी।
अजय टम्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना के सहारनपुर खंड पर रोड शो किया और एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोरों में से एक का निरीक्षण भी किया। उन्होंने परियोजना की तकनीकी विशेषताओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इसके पश्चात आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री ने इस एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने परियोजना की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लगभग 210 किलोमीटर लंबा यह आधुनिक एक्सेस-कंट्रोल एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को करीब 6 घंटे से घटाकर लगभग 2.5 घंटे कर देगा। करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह छह लेन का अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।
परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर, पशु-पार मार्ग, ध्वनि अवरोधक और हरित तकनीकों का उपयोग किया गया है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच तेज और सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा।
इस एक्सप्रेसवे से देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और चारधाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उद्योग, कृषि परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के सर्वांगीण विकास के लिए मजबूत कनेक्टिविटी को आवश्यक बताते हुए कहा कि सड़क, रेल, हवाई और जल मार्गों का समन्वित विकास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने 2029 के चुनावों में महिलाओं और बेटियों को अधिक अवसर देने पर भी जोर दिया।
अजय टम्टा ने कहा कि इस परियोजना से उत्तराखंड में पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी तेज होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। चारधाम सड़क परियोजना, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ यह एक्सप्रेसवे राज्य को विकास के नए युग में ले जाने का कार्य करेगा।
अंत में अजय टम्टा ने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना “विकसित उत्तराखंड – विकसित भारत” के संकल्प को और मजबूत करेगी तथा आने वाले समय में राज्य की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।

