छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार दोपहर डभरा क्षेत्र के सिंहितराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में अचानक बॉयलर विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार दोपहर उस समय हुआ जब प्लांट में काम चल रहा था। अचानक बॉयलर ट्यूब में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “प्रारंभिक जांच में बॉयलर ट्यूब में विस्फोट की बात सामने आई है। हादसे में 10 श्रमिकों की मौत हो चुकी है और 15 अन्य घायल हैं।” घायलों को तत्काल रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अभी भी प्लांट के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
ब्लास्ट के बाद प्लांट परिसर में भगदड़ मच गई और सभी मजदूर अपनी जान बचाकर बाहर भागे। कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल बॉयलर विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस दर्दनाक हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे औद्योगिक हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर बॉयलर में विस्फोट किस वजह से हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

