दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, जहां सोमवार (6 अप्रैल) को कुछ अज्ञात लोग जबरन परिसर में घुस गए और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी पर स्याही फेंक दी।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार गेट नंबर 2 से जबरन अंदर घुसी, जिससे लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार कुछ देर तक परिसर के अंदर रही और फिर तेज रफ्तार में बाहर निकलकर फरार हो गई।
घटना के दौरान आरोपियों ने स्पीकर की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर स्याही फेंकी। इतना ही नहीं, कार चालक विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर भी बढ़ा और बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर चला गया।
दिल्ली पुलिस के डीसीपी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। गाड़ी चला रहा व्यक्ति अपना चेहरा ढके हुए था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध वाहन की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि जिस गेट से कार अंदर घुसी, वहां CRPF के जवान तैनात थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

