लखनऊ में CM योगी का बड़ा ऐलान: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा मानदेय, 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। राजधानी लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि राज्य के आंगनबाड़ी केंद्र अब स्मार्ट हो रहे हैं, इसलिए इन कार्यकर्ताओं का मानदेय भी “स्मार्ट” होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में एक और बड़े आयोजन के दौरान मानदेय बढ़ाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी, जिससे प्रदेश की करीब 3.10 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग के लिए दो लाख से अधिक उपकरण जैसे स्टैडियोमीटर, इन्फैंटोमीटर और वेटिंग स्केल भी उपलब्ध कराए गए।

इस मौके पर 18,440 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। इसके अलावा प्रदेश में 450 करोड़ रुपये की लागत से 3,170 नए आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही 140 बाल विकास परियोजना कार्यालयों के निर्माण की भी शुरुआत की गई।

मुख्यमंत्री ने नए आंगनबाड़ी भवनों के डिजाइन का विमोचन करते हुए 71 अन्य बाल विकास परियोजनाओं के कार्यालयों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार होगा।

अपने संबोधन में सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों और एएनएम की सराहना करते हुए उन्हें कोविड-19 महामारी के दौरान फ्रंटलाइन वॉरियर्स बताया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया संकट में थी, तब इन कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीन पर उतारने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को यशोदा माता से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह यशोदा माता ने भगवान श्रीकृष्ण का पालन-पोषण किया, उसी तरह ये कार्यकर्ता प्री-प्राइमरी बच्चों के लालन-पालन और उनके भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, सुविधा और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *