कौशांबी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप-ट्रेलर टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 की मौत, मुंडन से लौट रहा था परिवार

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव के पास नेशनल हाईवे-2 पर एक तेज रफ्तार पिकअप और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित कुल आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। पिकअप में सवार सभी लोग फतेहपुर जिले के कुरोली गांव के निवासी थे। ये सभी प्रयागराज में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराने गए थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप वाहन में महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 18 लोग सवार थे।

जैसे ही वाहन सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं।

हादसे के बाद पुलिस और हाईवे टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कुरोली गांव में मातम पसरा हुआ है और हर तरफ शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *