गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा बयान: मिडिल-ईस्ट तनाव से न घबराएं, LPG सप्लाई रहेगी सामान्य

गोरखपुर में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात से घबराने की जरूरत नहीं है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि देश के प्रति सच्ची राष्ट्रभक्ति है, तो सभी नागरिकों को सरकार के साथ मिलकर चलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर समस्या का समाधान सरकार के पास है और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।

गोरखपुर के औद्योगिक क्षेत्र गीडा में सॉफ्टवेयर पार्क के उद्घाटन के अवसर पर सीएम योगी ने खासतौर पर LPG गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जैसे पहले गैस सिलेंडर घर-घर पहुंचता था, वैसे ही आगे भी पहुंचता रहेगा। सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि संकट के समय कुछ लोग अफवाह फैलाकर अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की बारी आएगी, उन्हें गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक वस्तुएं मिलती रहेंगी।

इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि बिना जरूरत पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। केवल आवश्यकता होने पर ही इन स्थानों पर जाएं, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

सीएम योगी के इस बयान से साफ है कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *