कानपुर। जनपद में अग्निशमन विभाग की तैयारियों को परखने के लिए 24 मार्च 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा द्वारा फायर स्टेशन लाटूश रोड एवं फायर स्टेशन कर्नलगंज का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान फायर स्टेशनों की व्यवस्थाओं, उपकरणों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने फायर स्टेशन के नियंत्रण कक्ष, कार्यालय, एमटी स्टोर एवं स्टोर रूम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वायरलेस सेट के माध्यम से अन्य स्टेशनों से संपर्क स्थापित कर उसकी कार्यशीलता को भी जांचा तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अग्निशमन कर्मचारियों के आधुनिक उपकरणों जैसे ब्रीदिंग सेट, स्मोक एक्सप्लोरर, हाइड्रोलिक कटर आदि की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया। साथ ही कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया गया।
फायर स्टेशन लाटूश रोड पर कर्मचारियों द्वारा रेस्क्यू ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके बताए गए। वहीं, कर्नलगंज फायर स्टेशन पर विभिन्न आपदाओं जैसे आग, सड़क दुर्घटना, बाढ़, भूकंप और बिल्डिंग ढहने की स्थिति में उपयोग होने वाले उपकरणों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल (MDR), टेलीस्कोपिक लाइटिंग, लॉन्ग रेस्क्यू किट, एयर लिफ्टिंग बैग, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय रिंग, एंटी केमिकल सूट आदि आधुनिक संसाधनों की कार्यक्षमता को भी परखा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सभी फायर वाहनों जैसे फायर टेंडर, इंस्पेक्टर वाहन, फायर बुलेट मोटरसाइकिल आदि की स्थिति की जांच की और चालक दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी।

