मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ चंद्रशेखर की मौत के बाद बवाल, समर्थकों ने हाईवे जाम कर पुलिस पर किया पथराव

मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा की कथित हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। उनकी मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

आक्रोशित समर्थकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

पुलिस के अनुसार यह घटना देर रात करीब 4 बजे की है। श्लोक कुमार (एसएसपी, मथुरा) ने जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रशेखर बाबा एक संदिग्ध गाड़ी का पीछा कर रहे थे। उसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि, समर्थकों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस का दावा है कि स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *