चित्रकूट। हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र मास में मनाया जाने वाला पावन श्री राम नवमी का पर्व इस वर्ष 27 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। विगत पांच वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी इस पर्व को “चित्रकूट गौरव दिवस” के रूप में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 19 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) एवं सतना (मध्य प्रदेश) के संबंधित अधिकारी, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी संगठन शामिल हुए। बैठक में आयोजन को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में विशेष रूप से मां मंदाकिनी नदी के रामघाट एवं श्री कामदगिरि परिक्रमा मार्ग (उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश क्षेत्र) को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। सायंकाल यहां भव्य दीप प्रज्ज्वलन, आकर्षक रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया—
-
दोनों राज्यों के क्षेत्र में 11-11 लाख दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य निर्धारित
-
नगर क्षेत्र के प्रत्येक घर में कम से कम 5 दीपक जलाने का आह्वान
-
प्रमुख मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग एवं सजावट
-
श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण
-
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन आतिशबाजी
-
रंगोली, दीवारी नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस आयोजन को जनसहभागिता के साथ “चित्रकूट गौरव दिवस – दीपोत्सव” के रूप में भव्यता एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर इस ऐतिहासिक उत्सव को सफल बनाएं, ताकि चित्रकूट एक बार फिर आस्था, संस्कृति और प्रकाश का केंद्र बन सके।

