उत्तराखंड में मौसम का बड़ा बदलाव: गंगोत्री-यमुनोत्री व बदरीनाथ में ताजा बर्फबारी, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

Saloni Tiwari (Chief Editor): AMD News: उत्तराखंड: प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम खराब होने से ठंड में इजाफा हो गया है। खासतौर पर गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम और बदरीनाथ धाम में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे इन इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर साफ देखा जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पूरे प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी और अन्य पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।


कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।


तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है। अगले 1 से 2 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।


देहरादून में बूंदाबांदी जारी
राजधानी देहरादून में भी मौसम का असर साफ नजर आ रहा है। बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को भी बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम 13°C के आसपास रहने का अनुमान है।


लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *