कानपुर। मैनावती मार्ग स्थित ISKCON Kanpur में 7 मार्च, शनिवार को भव्य पुष्प होली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार मंदिर में फूलों की होली बेहद विशेष और ऐतिहासिक होने जा रही है, जिसमें हजारों भक्त शामिल होंगे।
महोत्सव के दौरान मंदिर में विराजमान श्री श्री राधा माधव, श्री श्री गौर निताई एवं श्री श्री जानकी वल्लभ लक्ष्मण हनुमान जी का आकर्षक पुष्प श्रृंगार किया जाएगा। आयोजन की भव्यता को देखते हुए लगभग 10 हजार किलो फूल सिंगापुर, मलेशिया, पुणे और बेंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों से मंगाए जा रहे हैं।
इस विशेष अवसर पर Devkinandan Prabhu (इस्कॉन जोनल सेक्रेटरी) और मंदिर अध्यक्ष Prem Harinam Prabhu सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव को और भी आध्यात्मिक बनाने के लिए Vrindavan से ब्रजवासियों की विशेष कीर्तन मंडली आमंत्रित की गई है। कार्यक्रम के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र का पारलौकिक कीर्तन, मृदंग और करताल की मधुर ध्वनियों के साथ वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। भक्तगण श्री श्री राधा माधव के दिव्य दर्शन करते हुए इस आध्यात्मिक रंगोत्सव में कृष्ण प्रेम के रंग में रंग जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को स्वादिष्ट कृष्ण प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने सभी कानपुर वासियों से इस दिव्य पुष्प होली महोत्सव में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

