तेहरान में धमाकों से मचा हड़कंप, इजरायल-ईरान तनाव ने लिया युद्ध का रूप

मध्य पूर्व में तनाव ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया है। ईरान और इजरायल के बीच जंग की स्थिति बन गई है। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने पूरे देश में सायरन बजाकर नागरिकों को सतर्क कर दिया है। मोबाइल फोन पर एडवांस अलर्ट भेजे गए हैं और लोगों से सुरक्षित स्थानों के पास रहने की अपील की गई है। Israel Defense Forces (IDF) के अनुसार यह एक प्रोएक्टिव अलर्ट है, ताकि नागरिक संभावित मिसाइल हमलों के लिए तैयार रह सकें। इजरायली सेना ने आशंका जताई है कि इजरायल की ओर मिसाइलें दागी जा सकती हैं।

इजरायली हमले के बाद Tehran के दक्षिणी हिस्से से धुआं उठता हुआ देखा गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे दहशत का माहौल है। Israel Katz ने राष्ट्रीय स्तर पर आपातकाल की घोषणा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इजरायल के नागरिक इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले हो सकते हैं। इजरायल ने अपनी हवाई सीमा (एयरस्पेस) को पूरी तरह बंद कर दिया है और एयरलाइंस को इजरायली सीमा में प्रवेश न करने की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही देशभर के स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है और नागरिकों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है। Fars News Agency के मुताबिक तेहरान के यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोमहूरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। सरकारी मीडिया ने राजधानी में कम से कम तीन विस्फोटों की पुष्टि की है। ईरान ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है और देशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।इस ताजा घटनाक्रम के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है। यदि स्थिति नहीं संभली तो यह संघर्ष बड़े क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से लगातार सैन्य गतिविधियां जारी हैं और आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *