लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक हर हाल में कर्मचारियों के खातों में पहुंचा दिया जाए। आदेश में कहा गया है कि नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा कर्मी, सफाईकर्मी और अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को भी समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वेतन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 1 मार्च रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा, जबकि 2 मार्च को होलिका दहन का अवकाश होगा। 3 मार्च 2026 को विशेष अवकाश घोषित किया गया है और 4 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा। इस प्रकार कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा। वहीं 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है।
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। वित्त विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि समय पर वेतन मिलने और लगातार अवकाश रहने से कर्मचारी त्योहार की तैयारियां सुगमता से कर सकेंगे और परिवार के साथ होली का पर्व उत्साहपूर्वक मना पाएंगे।

