रांची/चतरा: झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक प्राइवेट चार्टर एयर एम्बुलेंस विमान सोमवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ा था और रास्ते में झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत क्षेत्र में क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। विमान में चालक दल के दो सदस्यों समेत कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, 23 फरवरी को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 विमान रांची-दिल्ली रूट पर एयर एम्बुलेंस सेवा संचालित कर रहा था। विमान ने भारतीय समयानुसार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित होने के बाद 7:34 बजे दक्षिण-पूर्व वाराणसी क्षेत्र में विमान का रडार और संचार संपर्क टूट गया।
DGCA ने बताया कि जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और विस्तृत जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को रवाना किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खासियातू करमटांड़ जंगल में संदिग्ध धातु का मलबा बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौके पर विमान के प्रोपेलर और इंजन जैसे हिस्से पाए गए हैं, जिससे एयर एम्बुलेंस के क्रैश होने की आशंका और प्रबल हो गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर जांच और सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। इलाके को सुरक्षा घेरा में लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

