सिंगापुर-जापान दौरे पर रवाना होंगे सीएम योगी, 33 वैश्विक कंपनियों से करेंगे निवेश वार्ता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। विधानसभा के बजट सत्र के समापन के बाद सरकार ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5) की तैयारियों को गति दे दी है, जिसके तहत यह विदेश दौरा प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर तथा 25 और 26 फरवरी को जापान में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे करीब 33 वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। बैठकों में प्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग, औद्योगिक विस्तार और नए प्रोजेक्ट्स की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी।

सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक और निर्यात केंद्र बनाना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विदेशी निवेशकों को राज्य की औद्योगिक नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं की जानकारी देंगे। साथ ही, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और आईटी सेक्टर में निवेश के अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *